गंगनहर में डूबे आईआईटी रुड़की के छात्र की तलाश जारी, सर्च के लिए NDRF के साथ सेना भी लगी

हरिद्वार जिले में रुड़की की गंगनहर में डूबे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी रुड़की) के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष शुक्ला की तलाश जारी है. एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस के साथ आर्मी और सिविल लाइन कोतवाली पुलिस की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है.

पुलिस के बुलावे पर मौके पर पहुंची सभी टीमें सुबह से ही गंगनहर में डूबकर लापता हुए छात्र की तलाश में जुटी हुई हैं. महर्षि वाल्मीकि घाट से लेकर आसफ नगर झाल तक गंगनहर में सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया जा रहा है. फिलहाल, उसका सुराग नहीं मिल पाया है.

बता दें कि देश कि देश के नामचीन संस्थान आईआईटी रुड़की का एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र आशीष शुक्ला निवासी बनारस (उत्तर प्रदेश) बीती रोज यानी 11 फरवरी की शाम अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए आया था. वो नगर निगम के पास गंगनहर किनारे स्थित बने वाल्मीकि घाट पर बैठा हुआ था. तभी अचानक से उसका पैर फिसल गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ा और सीधे गंगनहर जा गिरा.

गंगनहर में गिरते ही वो पानी के तेज बहाव में बहने लगा. ऐसे में उसे डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचा दिया. शोर सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके के लिए दौड़ पड़े. इस दौरान कुछ लोगों ने आशीष को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वो डूबकर लापता हो गया.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *