पति से मिलने हरिद्वार आई महिला ने लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, होटल मैनेजर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पति से मिलने हरिद्वार आई एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. गैंगरेप की घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. इस प्रकरण में पुलिस ने होटल मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. कोर्ट में पेशी के बाद तीनों को जेल भेजा गया है.

शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, सामूहिक दुष्कर्म यह वारदात शनिवार देर शाम हुई, पीड़िता का पति हरिद्वार के सिडकुल की एक फैक्ट्री में कार्यरत है. बिजनौर यूपी की रहने वाली महिला अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी. आरोप है कि बस अड्डे के पास ऑटो चालक ने बहला फुसलाकर उसे अपने वाहन में बैठाया. कुछ दूरी पर ले जाकर महिला को एक कार में बैठा दिया. कार चालक उसे शिवमूर्ति गली स्थित होटल ले गया. ऑटो चालक भी पीछे पीछे वहां पहुंच गया. महिला का आरोप है कि होटल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. जिसके बाद महिला किसी तरह बचकर शहर कोतवाली पहुंची.

कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि जांच के दौरान लोकेशन ट्रेस कर आरोपियों को नहर पटरी से गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए आरोपियों में एक नहटौर बिजनौर, हाल पता श्रीराम एन्क्लेव सराय ज्वालापुर, दूसरा निवासी शास्त्रीनगर कड़च्छ, ज्वालापुर और होटल मैनेजर निवासी कुंदरकी, मुरादाबाद हाल पता हरिद्वार के रूप में हुई. एक कार चालक और एक ऑटो चलाता है.

गैंगरेप का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. पीड़िता के खुद कोतवाली पहुंचने के बाद पुलिस भी हरकत में आई. पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर कोतवाली क्षेत्र के सात होटल मालिकों को करीब 23 घंटे तक हिरासत में रखा. घटना जिस गेस्ट हाउस में हुई, उसके आसपास संचालित हो रहे अन्य होटलों के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई.

शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के नेतृत्व में चली पूछताछ में होटल संचालकों से रजिस्टर, आईडी और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई. पूछताछ के बाद आखिरकार पुलिस आरोपियों तक पहुंच पाने में कामयाब रही और गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को दबोचा लिया गया. इस वारदात में एक होटल मैनेजर को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की गई.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *