उत्तराखंड में एक साथ 3 मर्डर, अलग-अलग कमरे में मृत मिले मां-बेटा व एक महिला

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में मां-बेटे और एक अन्य महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दोनों ही घटनाओं के कथित आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। पहली घटना में, रुद्रप्रयाग के एक होटल में ठहरी हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी महिला काजल को बेहोशी की हालत में छोड़कर उसका पति और उसका दोस्त फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि होटल मालिक की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने बताया कि काजल कैथल निवासी अपने पति अरुण और उसके दोस्त अक्षय कुमार के साथ छह मार्च की रात ‘गैलेक्सी’ होटल में आई थी। पुलिस ने बताया कि महिला के साथ आए दोनों व्यक्ति शनिवार सुबह यह कहकर होटल से बाहर गए कि थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन दिन भर इंतजार करने के बाद भी लौटे नहीं।

होटल मालिक ने खिड़की से झांककर देखा तो महिला अचेतावस्था में पड़ी थी। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। उसने बताया कि होटल का कमरा सील कर फॉरेंसिक सहित अन्य साक्ष्य एकत्रित किए गए। पुलिस ने बताया कि महिला के परिजनों से संपर्क हो गया है और वे रुद्रप्रयाग पहुंच रहे हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी घटना तिलवाड़ा सुमाड़ी क्षेत्र में हुई, जहां एक बंद कमरे से शुक्रवार को नेपाल मूल की महिला और उसके बेटे के सड़े-गले शव बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि घटना का पता तब चला जब कमरे से दुर्गंध आने पर कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। उसने बताया कि मृतकों की पहचान 34 वर्षीय कमला शाही और उसके नौ वर्षीय पुत्र रोशन के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह हत्या कुछ दिन पूर्व की गई प्रतीत होती है। उसने बताया कि घटना के बाद महिला का पति दीपक बहादुर फरार है। पुलिस ने दीपक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *