हरिद्वार की सड़कों पर टहलती मौत, सांड के हमले में बुजुर्ग की मौत, सींगों पर उठाकर जमीन पर पटका

 हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर में आवारा सांड ने सड़क किनारे खड़े एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी. सांड की टक्कर से बुजुर्ग घायल हो गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान 75 वर्षीय रामकिशन निवासी जगजीतपुर के रूप में हुई है. हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है.

पुलिस के अनुसार घटना जगजीतपुर स्थित मांगेराम की पुलिया के पास की है. बीते गुरुवार शाम शाम के वक्त बुजुर्ग रामकिशन सड़क किनारे खड़े थे. इसी दौरान पीछे से आए एक सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया. सांड ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी. इससे पहले कि वो सम्भल पाते अचानक सांड ने उन्हें उठाकर सड़क पर पटक दिया. अचानक हुए हमले से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने किसी तरह सांड को वहां से भगाया और घायल बुजुर्ग को उठाकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान 75 वर्षीय रामकिशन निवासी जगजीतपुर के रूप में हुई है. यह घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में बुजुर्ग सड़क किनारे खड़े दिखाई दे रहे हैं. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आया सांड उन्हें टक्कर मार देता है. इसके बाद बुजुर्ग सड़क पर गिर जाते हैं. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर आक्रोश भी देखने को मिला. स्थानीय लोगों का आरोप है कि जगजीतपुर इलाके में लंबे समय से आवारा सांड और मवेशियों की समस्या बनी हुई है. कई बार शिकायत करने के बावजूद, इन्हें पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. कनखल थाना प्रभारी डीएस रावत ने बताया कि आज परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है. मृतक के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *