महिला मित्र के बात करने से इनकार करने पर युवक हो गया खफा, तमंचे से मारी गोली

सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने कथित तौर पर अपनी महिला मित्र पर तमंचे से फायर झोंक दिया. गोली महिला के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. प्रारंभिक जांच में मामला आपसी संबंधों में चल रहे विवाद से जुड़ा सामने आ रहा है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है.

उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज कोतवाली के शक्तिफार्म क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक महिला पर युवक द्वारा तमंचे से फायरिंग किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. गोली महिला के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गई. घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. पुलिस के अनुसार रुदपुर निवासी 24 वर्षीय युवती का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व नानकमत्ता निवासी युवक से हुआ था. पारिवारिक विवाद के चलते दोनों लंबे समय से अलग रह रहे हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है.

इसी दौरान युवती की पहचान रुद्रपुर निवासी युवक से हुई. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे साथ रहने लगे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके संबंधों में भी खटास आ गई थी. बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के बाद युवती करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके लौट आई थी. शनिवार शाम युवती अपनी छोटी बहन के साथ बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी. घर से कुछ दूरी पहले बाइक सवार युवक ने उन्हें रोक लिया और बातचीत करने की कोशिश की. बहन के मुताबिक, युवती द्वारा बात करने से इनकार करने पर युवक (प्रेमी युवक) ने गुस्से में तमंचे से फायर कर दिया. गोली युवती के सीने को छूते हुए निकल गई और वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी.

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया. स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल महिला को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने बताया कि गोली शरीर के अंदर नहीं घुसी है और महिला की स्थिति फिलहाल सामान्य है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. सितारगंज कोतवाल सुन्दरम शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी संबंधों और विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पीड़ित पक्ष की तहरीर और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *