पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, जंगल में गड्ढे से बरामद हुए शव, पुलिस ने निकाले बाहर

पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दोनों के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे. पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना सोमवार की है. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए. मामले में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है.

जानकारी के अनुसार, मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को दो साधुओं के लापता होने और अनहोनी की आशंका की सूचना दी. इसके बाद पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए. पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफना दिया गया था.

घटना की सूचना पर एसपी देहात शेखर सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया गया है. घटना के बाद से वह फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. एसपी देहात शेखर चंद सुयाल का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *