नैनीताल में युवतियों से छेड़खानी का आरोप, ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर पीटा, चेहरे पर पोती कालिख – News Blue 24

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक के सतोली गांव में युवतियों से कथित छेड़खानी और अभद्रता का मामला सामने आने के बाद जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि कार में सवार पांच युवकों ने गांव की कुछ युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद कार सवार युवक भागने लगे। इस दौरान दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, महिलाओं ने भी जताया विरोध

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवकों की ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। आक्रोशित महिलाओं और युवतियों ने भी आरोपियों के चेहरे पर कालिख पोतकर अपना विरोध जताया। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले हैं और क्षेत्र के एक वेलनेस सेंटर में काम करने के लिए आए थे। जिस कार में वे सवार थे, उसके शीशे पर “शेख मुजाहिद” लिखा हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपियों का स्थानीय स्तर पर सत्यापन भी नहीं कराया गया था।

पुलिस ने कार कब्जे में ली, जांच जारी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के साथ ही उनकी कार भी कब्जे में ले ली। पुलिस का कहना है कि मामले में मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। लिखित तहरीर मिलने और प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवकों का स्थानीय सत्यापन कराया गया था या नहीं और घटना के समय उनके साथ मौजूद अन्य लोग कौन थे।

गांव में सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद सतोली गांव में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बाहरी लोगों का सत्यापन अनिवार्य किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *