बहन ने पढ़ाई के लिए डांटा तो 11वीं की छात्रा ने कर ली आत्महत्या, एक्सीडेंट करने वाले युवक ने होमगार्ड का अंगूठा काटा – News Blue 24 – Uttarakhand Surya

बहन ने पढ़ाई के लिए डांटा तो 11वीं की छात्रा ने कर ली आत्महत्या, एक्सीडेंट करने वाले युवक ने होमगार्ड का अंगूठा काटा – News Blue 24

11वीं की छात्रा के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है, अब छात्रा के सुसाइड से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है

हरिद्वार: नगर कोतवाली क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने आत्महत्या का प्रयास किया. गंभीर हालत में छात्रा को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया. वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया.

बहन ने पढ़ने को कहा तो 11वीं की छात्रा ने कर ली आत्महत्या: बताया जा रहा है कि छात्रा कक्षा 11 में पढ़ती थी. वह पांच बहनों में दूसरे नंबर की थी और परिवार में अपनी मां के साथ रहती थी. उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है. बताया जा रहा है कि बीते शनिवार रात को बड़ी बहन ने छात्रा को पढ़ाई को लेकर डांट दिया था. इसके बाद छात्रा घर से बाहर चली गई. कुछ देर बाद उसके फ्लाईओवर से छलांग लगाने की जानकारी सामने आई.

छात्रा के परिवार में मातम: छात्रा के फ्लाईओवर से गिरने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल छात्रा को उपचार के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंचे. छात्रा की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया.

पुलिस का बयान: खड़खड़ी चौकी प्रभारी नवीन नेगी ने बताया कि-

फ्लाईओवर से गिरने के बाद 17 वर्षीय छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया. मामले की जांच की जा रही है.
-नवीन नेगी, चौकी प्रभारी, खड़खड़ी, हरिद्वार-

कार में टक्कर मारकर भाग रहे युवक ने होमगार्ड की गर्दन पर किया वार: इधर ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के हरिलोक तिराहे पर सड़क दुर्घटना हो गई. पीछे से कार में टक्कर मारकर भाग रहे युवक ने बहादराबाद में हाईवे पर ख्याति ढाबे के पास पीछा कर रहे होमगार्ड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. युवक ने होमगार्ड की गर्दन पर वार किया. बचाव में होमगार्ड ने हाथ आगे कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया. घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अंगूठे में पांच टांके लगाए गए. आरोपी कार छोड़कर पास के गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. कुछ लोगों ने आरोपी का वीडियो भी बना लिया जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बचाव में होमगार्ड के हाथ का अंगूठा कटा: पुलिस के अनुसार, बीते रविवार को हरिद्वार से रुड़की की ओर जा रही एक कार ने ज्वालापुर के हरिलोक तिराहे पर दूसरी कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने लगा. तिराहे पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड संजीव कुमार और कृष्णपाल ने कार का पीछा शुरू कर दिया. सूचना 112 के माध्यम से पुलिस को भी दी गई थी. होमगार्ड के पीछा करने के दौरान बहादराबाद क्षेत्र में हाईवे पर ख्याति ढाबे के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में कार के अगले दोनों पहिए फट गए. इसके बाद युवक कार से बाहर निकलकर भागने लगा.

गन्ने के खेत में घुसकर भाग गया आरोपी: होमगार्ड संजीव कुमार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया. आरोप है कि युवक ने कार से धारदार हथियार निकाला और संजीव कुमार की गर्दन पर वार कर दिया. अचानक हुए हमले से बचने के लिए होमगार्ड ने हाथ आगे कर दिया। धारदार हथियार लगने से उसके दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया. इसके बाद युवक हथियार लहराते हुए पास के गन्ने के खेत की ओर भाग गया. शोर सुनकर आसपास के अन्य राहगीर भी मौके पर जुटने लगे, लेकिन आरोपी गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गया.

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने उसके अंगूठे में पांच टांके लगाए. पुलिस ने मौके से आरोपी की कार कब्जे में ले ली है. इसके साथ ही आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र में कांबिंग भी की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका.

सीओ का बयान: सीओ संजय चौहान ने बताया कि-

होमगार्ड संजीव कुमार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
-संजय चौहान, सीओ-

मसूरी भट्टा गांव के पास अनियंत्रित स्कूटी पैराफिट से टकराई, दो घायल: इधर मसूरी में एक हादसा हो गया. भट्टा गांव के पास चाय-रोटी रेस्टोरेंट के सामने रविवार देर शाम एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैराफिट से जा टकराई. हादसे में स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए. इनमें एक युवक के पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के साथ ही चेहरे पर भी चोट आई है. उसे उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय मसूरी में भर्ती कराया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *