विधानसभा सत्र के पहले दिन की कार्यवाही में छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट भी शामिल है. मुख्यमंत्री संविधान के अनुच्छेद 243 (आई) और 243 (वाई) तथा उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम से संबंधित प्रावधानों के तहत आयोग की रिपोर्ट और सरकार की ओर से की गई कार्रवाई का स्पष्टीकरण सदन के पटल पर रखेंगे. इसके अलावा उत्तराखंड मानवाधिकार आयोग की वर्ष 2019-22 की वार्षिक एवं विशेष रिपोर्ट पर सरकार की कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जाएगा. विधानसभा की विभिन्न विशेषाधिकार समितियों के प्रतिवेदन भी सदन के सामने रखे जाने हैं. इन रिपोर्टों के जरिए अलग-अलग संस्थाओं के कामकाज और सरकार की ओर से की गई कार्रवाई का विवरण विधायकों के सामने आएगा.
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर लिया
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने गैरसैंण (भराड़ीसैंण) विधानसभा भवन में गार्ड ऑफ ऑनर लिया. इसके बाद उन्होंने विधानभवन परिसर एवं सभामंडप का निरीक्षण किया.
उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम (संशोधन) अध्यादेश सदन के पटल पर रखा जाएगा.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर तीन बजे 2026-27 की अनुपूरक अनुदान मांगें प्रस्तुत करेंगे. इसके साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री, उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम (संशोधन) अध्यादेश, 2026 को सदन के पटल पर रखेंगे. मुख्यमंत्री, उत्तराखंड माल और सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश, 2026 को भी सदन के पटल पर रखेंगे.