30 साल में देहरादून में पारा फिर 42 डिग्री के पार, उत्तराखंड में मॉनसून पहुंचने की आई डेट – Uttarakhand Surya

30 साल में देहरादून में पारा फिर 42 डिग्री के पार, उत्तराखंड में मॉनसून पहुंचने की आई डेट

उत्तराखंड के कई शहरों में तापमान में बढ़ोतरी से लोग बेहाल हो रहे हैं। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रपुर आदि शहरों में पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। ऐसे में लोग तपती गर्मी से परेशान हो रहे हैं। लेकिन, भीषण गर्मी के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर है।उत्तराखंड में मानूसन जल्द ही दस्तक देने वाला है। देहरादून में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन में लू के थपेड़ों के चलते घरों-प्रतिष्ठानों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ज्यादा 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जून माह में तीस सालों में दूसरी बार तापमान इतना पहुंचा है। इससे पहले जून 2012 में 42.1 तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक 16 जून 1995 को 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, वहीं ऑल टाइम रिकार्ड चार जून 1902 को 43.9 डिग्री सेल्सियस है। दो दिन पूर्व ही जून में 11 साल की गर्मी का रिकार्ड टूटा था।दोपहर में सड़कें सूनीं दून में गुरुवार को सुबह सात बजे से ही चिलचिलाती धूप निकली। दिन में लोग धूप में निकलने की हिम्मत नहीं कर पाए। दोपहर में दून भट्टी जैसा तप गया। दोपहर 12 बजे से चार बजे तक कई इलाकों में सड़कें सूनी नजर आई। दोपहिया सवार और पैदल चलने वालों को लू के थपेड़ों ने बेहाल कर दिया।

हरिद्वार में भीषण गर्मी से राहत नहीं

धर्मनगरी में लोग भीषण गर्मी के साथ ही लू चलने से बेहाल हैं। दिन में शहर की सड़कें सूनसान पड़ी रहती हैं। गुरुवार को धर्मनगरी में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

धर्मनगरी में गर्मी का प्रकोप जारी है। भीषण गर्मी में लोग बारिश की प्रतीक्षा कर रहे हैं लेकिन राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिन में लू और चटक धूप के कारण लोगों को आवागम करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। रात के समय गर्मी लोगों के पसीने निकाल रही है। तपती धूप से बचने के लिए लोग दोपहर के समय घर पर रह कर आराम कर रहे हैं।दिन में गर्मी से बचाव के लिए लोग पेयजल पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। साथ ही धूप और लू से बचने के लिए लोग छाता लेकर, मुंह पर कपड़ा बांधकर और सूती कपड़े, ग्लव्स आदि पहन कर बाहर निकल रहे हैं। दिन के समय चटक धूप ने लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी धर्मनगरी के तापमान में बढ़ोतरी होने और लू चलने का पूर्वानुमान है।

उत्तराखंड में 23-24 जून को दस्तक देगा मानसून

उत्तराखंड में मानसून 23-24 जून को दस्तक दे सकता है। गुरुवार को ये जानकारी देते हुए मौसम निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि 18 जून से प्री-मानसून का दौर चलेगा। इस दौरान प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन,इससे पूर्व मैदानी इलाकों में 14, 15 व 16 जून को गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *