मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के घोषणापत्र का कड़ा प्रतिरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की मेहनत की कमाई को वर्ग विशेष को सौंप देना चाहती है। सीएम ने मंगलवार को मीडिया से वार्ता में कहा कि कांग्रेस की सोच हमेशा से विभाजनकारी और तुष्टिकरण की रही है।
देश में 60 वर्ष तक कांग्रेस ने विशेष वोट बैंक की चिंता की। इनके घोषणापत्र और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के एक भाषण में यह बात स्पष्ट हो चुकी है। धामी ने कहा कि कांग्रेस की ये बातें इनकी तुष्टिकरण की नीति और वोट बटोरने की नीयत की पुष्टि करती हैं। उनकी नीति सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस का विकास तथा सबका विनाश वाली है।
देश की जनता ऐसी सोच वाली पार्टी को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता भलीभांति समझ रही है कि वर्तमान में देश आगे बढ़ गया है। आज देश समान नागरिक संहिता की बात कर रहा है। वहीं कांग्रेस, देश को फिर पीछे ले जाना चाहती है। इसके चलते इस बार भी जनता लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने जा रही है।
देहरादून,मुख्य संवाददाता। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने अपनी पार्टी के घोषणापत्र को लेकर भाजपा पर गलतबयानी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, चुनाव जीतने को महिलाओं के मंगलसूत्र हड़पने की बात करना बेहद निंदनीय है।
मंगलसूत्र हड़पने के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मंगलवार को माहरा ने कहा कि भाजपा अपने दस साल के शासन की नाकामी को छुपाने के लिए दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के चुनावी भाषण कांग्रेस व गांधी परिवार की आलोचना से शुरू होकर, दूसरे धर्मों की बुराई पर समाप्त होते हैं। इसके बजाय भाजपा नेताओं को अपनी केंद्र और राज्य सरकारों के काम-काज का हिसाब देना चाहिए
। इस बीच, वनों में आग पर चिंता जताते हुए माहरा ने राज्य सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की। माहरा ने सीएम को लिखे पत्र में कहा कि वनों में भीषण आग से अमूल्य वन सम्पदा के साथ वन्य पशु, वृक्ष-वनस्पतियां, जल स्रोत और ग्लेशियर भी संकट में पड़ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जंगलों में धधकती आग को बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर से पानी के छिड़काव के इंतजाम किए जाएं।