गुरुवार सुबह रिंग रोड अंडरपास पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एमेनिटी पब्लिक स्कूल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया. बाइक पर सवार करीब पांच वर्षीय बच्चा हादसे में बाल-बाल बच गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
जानकारी के अनुसार गदरपुर के वार्ड नंबर नौ इस्लामनगर निवासी फरीद अपनी पत्नी गुलाफसा (28) और करीब पांच वर्षीय बच्चे के साथ बाइक से रुद्रपुर की ओर जा रहे थे. बताया जा रहा है कि जब वह एमेनिटी पब्लिक स्कूल के पास रिंग रोड अंडरपास पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी. हादसे में गुलाफसा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं बाइक चला रहे उसके पति फरीद को भी गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल फरीद को संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा. बच्चे के सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली.
हादसे की सूचना मिलते ही दिनेशपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को भी कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय डंपर की गति कितनी थी और चालक की लापरवाही से दुर्घटना हुई या नहीं.
दुर्घटना के कारण रिंग रोड अंडरपास में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी दिखाई दी. इस दौरान स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और वाहनों को धीरे-धीरे आगे निकलवाया. कुछ समय बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी. पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. हादसे की सूचना पीड़ितों के परिजनों को दी गई है. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.