-राजवीर तोमर, राफ्टिंग व्यवसायी-
पर्वतारोहण के अनुभव के बाद राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रीतम रामोला भी पर्यटकों के लिए सुरक्षा उपकरणों और प्रशिक्षित स्टाफ की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हैं.
किस रूट पर कितनी फीस: गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति की ओर से उपलब्ध कराए गए शुल्क विवरण के मुताबिक, ऋषिकेश में अलग-अलग शुरुआती बिंदुओं से राफ्टिंग की सुविधा मिलती है. रूट की दूरी और शुल्क के अनुसार पर्यटक अपने लिए विकल्प चुन सकते हैं.
कौड़ियाला से रामझूला/निम बीच: करीब 35 किलोमीटर, शुल्क 3,500 रुपए प्रति व्यक्ति
मरीन ड्राइव से रामझूला/निम बीच: करीब 25 किलोमीटर, शुल्क 2,500 रुपए प्रति व्यक्ति
शिवपुरी से रामझूला/निम बीच: करीब 16 किलोमीटर, शुल्क 1,500 रुपए प्रति व्यक्ति
क्लब हाउस से रामझूला/निम बीच: करीब 12 किलोमीटर, शुल्क 800 रुपए प्रति व्यक्ति
ब्रह्मपुरी से रामझूला/निम बीच: करीब 9 किलोमीटर, शुल्क 600 रुपए प्रति व्यक्ति
छोटे ट्रैक पर भी रैपिड का रोमांच: जो पर्यटक लंबी दूरी की राफ्टिंग नहीं करना चाहते, उनके लिए छोटे ट्रैक के भी विकल्प हैं. मरीन ड्राइव से निम बीच तक के 25 किमी के रूट पर ब्लैक मनी, हग एंड किस, टीबीएम के विभिन्न हिस्से, क्रॉस फायर, रोलर कोस्टर, गोल्फ कोर्स और कैश फ्लो जैसे रैपिड पड़ते हैं. शिवपुरी से शुरू होने वाले करीब 16 किलोमीटर के ट्रैक पर गुड मॉर्निंग, रिटर्न टू सेंडर, रोलर कोस्टर, गोल्फ कोर्स, टी ऑफ, कैश फ्लो और डबल-ट्रिपल जैसे रैपिड का अनुभव मिलता है. वहीं क्लब हाउस और ब्रह्मपुरी से शुरू होने वाले छोटे रूट उन पर्यटकों के लिए उपयोगी विकल्प हो सकते हैं, जो कम समय में राफ्टिंग का अनुभव लेना चाहते हैं.
बंजी जंपिंग में भी पर्यटकों की दिलचस्पी: अभी तक ऋषिकेश में पर्यटक, धार्मिक यात्रा, गंगा आरती और मंदिरों के दर्शन के अलावा साहसिक गतिविधियों में राफ्टिंग का लुत्फ ही ले पाते थे. लेकिन अब एडवेंचर का दायरा बंजी जंपिंग तक भी पहुंच चुका है. इसके लिए भी पर्यटकों के लिए अलग-अलग पैकेज है.
हाई एडवेंचर बंजी जंपिंग का एक पैकेज 109 मीटर की ऊंचाई से करीब 4 हजार रुपए (प्रति व्यक्ति) का है. इसमें डीएसएलआर वीडियो और गतिविधि स्थल तक आने जाने की परिवहन सुविधा मौजूद है. कम बजट वाले पर्यटकों के लिए करीब 3 हजार रुपए (85 मीटर) का दूसरा विकल्प भी है. जिसमें एयरबैग आधारित सुरक्षा व्यवस्था दी जाती है. बंजी जंपिंग के अलावा स्काईवॉक, टावर टॉप स्विंग और जिपलाइन जैसी गतिविधियां भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं. स्काईवॉक का शुल्क करीब 1,000 रुपए और टावर टॉप स्विंग और जिपलाइन का शुल्क लगभग 1,200 रुपये प्रति व्यक्ति है. कुछ पैकेजों में डीएसएलआर वीडियो की सुविधा भी शामिल है. इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यटक ऊंचाई से आसपास के नजारों का अनुभव लेने के साथ अपने एडवेंचर की यादें भी कैमरे में संजो सकते हैं.
-आशीष, मार्केटिंग मैनेजर, स्प्लैश बंजी-धार्मिक पर्यटन के साथ एडवेंचर को भी मिल रहा बढ़ावा: ऋषिकेश के ज्योतिष और योगाचार्य प्रतीक कहते हैं, ऋषिकेश आने वाले पर्यटकों के लिए गंगा आरती, घाटों का भ्रमण और आसपास के धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ साहसिक गतिविधियों को यात्रा में शामिल करने का विकल्प मौजूद है. परिवार और दोस्तों के साथ आने वाले पर्यटक अपने समय और रुचि के मुताबिक राफ्टिंग या अन्य एडवेंचर की योजना बना कर आ सकते हैं. वीकेंड और छुट्टियों में यात्रा की योजना बनाते समय पहले से बुकिंग करना यात्रा को और सुखद बनाता है.
सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य: टिहरी के जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा के मुताबिक, राफ्टिंग, बंजी जंपिंग संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
पर्यटकों को केवल शुल्क या रोमांच के आधार पर संचालक का चुनाव करने के बजाय उसकी अनुमति, गाइड की योग्यता, सुरक्षा उपकरणों और गतिविधि की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी लेनी चाहिए. गंगा का जलस्तर और मौसम बदलने पर राफ्टिंग की परिस्थितियां भी बदल सकती हैं. इसलिए नदी में उतरने से पहले संचालन की अनुमति और सुरक्षा संबंधी निर्देशों की पुष्टि करना जरूरी है.
-सोबत सिंह राणा, जिला पर्यटन अधिकारी, टिहरी गढ़वाल-
