आबादी क्षेत्र में घुसा गुलदार, बंदर ने फुर्ती से बचाई अपनी जान – News Blue 24 – Uttarakhand Surya

आबादी क्षेत्र में घुसा गुलदार, बंदर ने फुर्ती से बचाई अपनी जान – News Blue 24

कॉर्बेट लैंडस्केप से लगे मर्चुला क्षेत्र में गुलदार की धमक से लोग खौफजदा हैं. यहां गुलदार बंदर पर हमला करता दिखाई दिया.

रामनगर: कॉर्बेट लैंडस्केप से सटे इलाकों में वन्यजीवों की आबादी के नजदीक मौजूदगी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है. ताजा मामला मर्चुला क्षेत्र से सामने आया है, जहां देर शाम वन चौकी के बिल्कुल पास एक गुलदार ने बंदर पर हमला करने की कोशिश की, हालांकि बंदर की फुर्ती के चलते गुलदार का निवाला बनने से बच गया. बंदर तेजी से आबादी की ओर भाग निकला, इसके बाद गुलदार भी वापस जंगल की तरफ लौट गया. इस घटना ने एक बार फिर आबादी के आसपास गुलदार की सक्रियता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.

दरअसल, कॉर्बेट लैंडस्केप से लगे मर्चुला क्षेत्र में बीते देर शाम उस समय हलचल देखने को मिली, जब एक गुलदार वन चौकी के बिल्कुल नजदीक आबादी के पास पहुंच गया. बता दें कि सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि गुलदार ने यहां एक बंदर को निशाना बनाते हुए उस पर हमला करने का प्रयास किया. लेकिन बंदर ने खतरे को भांपते हुए तुरंत फुर्ती दिखाई और आबादी की तरफ भागने लगा.बंदर की तेजी के चलते गुलदार का वार खाली चला गया. इसके बाद गुलदार ने बंदर का पीछा करने के बजाय वापस जंगल की ओर रुख कर लिया और छलांग लगाते हुए जंगल में चला गया.

घटना के दौरान गुलदार की मौजूदगी आबादी के बेहद करीब देखे जाने की बात सामने आई है. कॉर्बेट लैंडस्केप के आसपास के क्षेत्रों में गुलदार जैसे वन्यजीवों की आवाजाही कोई नई बात नहीं है, लेकिन आबादी और वन चौकियों के नजदीक इस तरह उनकी मौजूदगी लोगों की चिंता बढ़ा सकती है. मर्चुला की यह घटना भी इसी ओर इशारा करती है कि जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखना जरूरी है.

हालांकि इस घटना में किसी इंसान के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है. फिर भी स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और वन्यजीव दिखाई देने पर उनके करीब जाने या उन्हें उकसाने से बचने की जरूरत है. फिलहाल, मर्चुला में गुलदार की इस घटना ने एक बार फिर जंगल से सटे आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता को चर्चा में ला दिया है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *