बनबसा नेपाल बॉर्डर पर स्मैक के साथ इनामी नशा तस्कर गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट में था वांछित – Uttarakhand Surya

बनबसा नेपाल बॉर्डर पर स्मैक के साथ इनामी नशा तस्कर गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट में था वांछित

चंपावत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है.

चंपावत: जिले के बनबसा नेपाल बॉर्डर के पास चंपावत पुलिस ने नशे के कारोबार और वांछित अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. ऑपरेशन प्रहार के तहत एसओजी टीम ने जंगल में चेकिंग के दौरान गैंगस्टर एक्ट में वांछित 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 18.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड के साथ ही मुंबई में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है. एसओजी टीम ने नेपाल बॉर्डर के पास जंगल में चेकिंग के दौरान आरोपी के कब्जे से 18.08 ग्राम स्मैक बरामद की.

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 अक्टूबर 2026 को एसओजी चंपावत की टीम नेपाल बॉर्डर पर पिलर संख्या 805/01 के निकट जंगल में चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान टीम ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 में वांछित चल रहे राहुल कुमार को गिरफ्तार किया. आरोपी ग्राम पम्पापुर, थाना बनबसा, जनपद चंपावत का निवासी है. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट के दो और गैंगस्टर एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है. इसके अतिरिक्त मुंबई में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है.

बनबसा नेपाल सीमा पर एसओजी एवं एसएसबी ने संयुक्त अभियान में गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 5 हजार के इनामी राहुल कुमार को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है. नशे के खिलाफ चंपावत पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
-कमलेश भट्ट, एसओजी इंचार्ज चंपावत

पूछताछ में आरोपी ने नेपाल के झलारी, महेंद्रनगर निवासी रवि बासा के साथ स्मैक के कारोबार में संलिप्त होने की बात बताई. पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से बरामद स्मैक नानकमत्ता निवासी एक व्यक्ति से प्राप्त की गई थी, जिसे लेकर वह वापस नेपाल जा रहा था. चंपावत पुलिस के अनुसार जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *