29 साल में पहली बार जून में पारा 43 डिग्री के पार, देहरादून में अभी और कितनी आएगी आफत? – Uttarakhand Surya

29 साल में पहली बार जून में पारा 43 डिग्री के पार, देहरादून में अभी और कितनी आएगी आफत?

उत्तराखंड के कई शहरों में गर्मी का सितम जारी है। देहरादून में 29 साल में पहली बार जून के महीने में पारा 43 डिग्री पर पहुंच गया। यहां शुक्रवार दिन में भीषण लू की स्थिति रही। हालात ऐसे थे कि देर शाम तक गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान रखा।शनिवार को भी तापमान 43 डिग्री तक रहने का पूर्वानुमान है। अभी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। 16 जून 1995 को देहरादून का तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार 14 जून को पारा पहली बार 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है।

इससे पहले गुरुवार को दून का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया था। लगातार बढ़ रहे पारे के बीच दूनवासियों को भीषण लू का सामना करना पड़ा है। दोपहर के वक्त पर सड़कों पर बहुत कम ट्रैफिक देखने को मिल रहा है। बाजारों भी दिन में रौनक गायब है। इतना ही नहीं, शाम होने के बाद भी लगातार गर्म हवाएं चल रही हैं।

कल एक-दो डिग्री तक कम रह सकता है पारा
मौसम निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, शनिवार को भी शहर का पारा 43 डिग्री के आसपास रहेगा। यहां पर फिलहाल किसी तरह की राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को दिन का तापमान एक-दो डिग्री कम रह सकता है, लेकिन लू की स्थिति अभी यहां बनी रहेगी।

देहरादून जिला प्रशासन ने भी जारी किया अलर्ट

दून में लू की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। लोगों को दिन के वक्त घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। लू लगने की स्थिति में तुरंत चिकित्सीय उपचार लेने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, आखों को ठंडे पानी से धोने जैसे उपाय करने के लिए कहा गया है।

रात को सामान्य से अधिक चल रहा न्यूनतम तापमान
दून समेत राज्य के अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान भी सामान्य से तीन से चार डिग्री अधिक चल रहा है। दून में पिछली रात तापमान 26 डिग्री रहा था। वहीं, मौसम विभाग ने लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच राज्यभर में वनाग्नि की घटनाओं में फिर से इजाफे की आशंका जताई है। दिन के समय लू की स्थिति के बीच शाम को तेज हवाएं चलने से वनाग्नि और तेजी से फैलने का अंदेशा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *