सीएम धामी ने नई दिल्ली में किया उत्तराखंड निवास का लोकार्पण, राज्य के लोगों को मिलेगी ठहरने की व्यवस्था – Uttarakhand Surya

सीएम धामी ने नई दिल्ली में किया उत्तराखंड निवास का लोकार्पण, राज्य के लोगों को मिलेगी ठहरने की व्यवस्था

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में उत्तराखंड निवास का आज लोकार्पण किया. उत्तराखंड निवास को भव्य रूप दिया गया है. इसमें 50 से ज्यादा कमरे हैं. उत्तराखंड से जरूरी काम से दिल्ली जाने वाले लोग इस निवास में ठहर सकेंगे.

दरअसल नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास का लोकार्पण भी राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में शामिल था. लेकिन 4 नवंबर को अल्मोड़ा जिले के सल्ट में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद धामी सरकार ने सारे बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. इसीलिए आज नई दिल्ली में उत्तराखंड निवास का लोकार्पण भी सादगी से हुआ.

सीएम धामी ने कहा कि नई दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी है. राज्य के लोग और अधिकारी उत्तराखंड से यहां आते रहते हैं. अभी उत्तराखंड सदन की क्षमता बहुत कम है. इसको ध्यान में रखते हुए नया निवास बनाया गया है. उत्तराखंड निवास में 50 से अधिक कमरे हैं. यहां अतिथियों के रुकने के लिए डॉरमेट्री भी बनाई गई है. उत्तराखंड निवास के निर्माण में राज्य की सांस्कृतिक विविधताओं को दर्शाया गया है. साथ ही इसकी वास्तुकला दर्शनीय है. उत्तराखंड निवास के निर्माण में गुणवत्ता का खासा ध्यान रखा गया है. पीओपी, टाइल्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उच्च गुणवत्ता के लगाए गए हैं.

उत्तराखंड राज्य अपनी स्थापना के 24 साल पूरे कर चुका है. 9 नवंबर को राज्य का 25वां स्थापना दिवस है. इस मौके पर धामी सरकार ने अनेक रंगारंग कार्यक्रम रखे थे. लेकिन 4 नवंबर को अल्मोड़ा के सल्ट में हुई भीषण सड़क दुर्घटना के कारण सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. अल्मोड़ा हादसे में 36 लोगों की जान चली गई थी. 27 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *