प्रदेश के 100 नगर निकायों के चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान संपन्न हो गया। विभिन्न निकायों में मतदाता सूची में नाम गायब होने, मतदान की धीमी गति, बाहरी व्यक्तियों के बूथों पर पहुंचने, एक बूथ पर पत्थर फेंकने को लेकर हुई छिटपुट झड़पों, हंगामे व धक्कामुक्की की घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा।राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से रात 10 बजे जारी अनंतिम आंकड़े के अनुसार, लगभग 66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो पिछले चुनाव के मुकाबले 3.78 प्रतिशत कम है। रुद्रप्रयाग जिले में सर्वाधिक 71.15 प्रतिशत और देहरादून में सबसे कम 55 प्रतिशत के लगभग मतदान हुआ।
मतदान की कुछ महत्वपूर्ण बातें
- रुद्रप्रयाग जिले में सर्वाधिक 71.15 प्रतिशत और देहरादून में सबसे कम 55 प्रतिशत मतदान
- निकाय प्रमुखों व पार्षद-सभासद के 1382 पदों के लिए मैदान में उतरे 5405 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद
- भगवानपुर के दो बूथों पर शरारती तत्वों ने फेंके पत्थर, पुलिस ने लाठियां फटकार कर खदेड़ा, विधायक ममता राकेश धरने पर बैठीं
- रुड़की के मच्छी मोहल्ला में मतदान की धीमी गति पर हंगामा, पुलिस ने खदेड़ा, पूर्व महापौर ने दिया धरना
- देहरादून के नेहरू कॉलोनी वार्ड के एक बूथ में विधायक के पहुंचने पर भाजपा, कांग्रेस समर्थकों में धक्कामुक्की
- अल्मोड़ा के मल्ला महल में बाहरी लोगों के वोट डालने पहुंचने को लेकर कांग्रेस व भाजपा समर्थकों के बीच चले लात-घूंसे
- रुद्रपुर के भदईपुरा में मतदान प्रभावित करने की सूचना पर विवाद, कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी पर चली पुलिस की लाठी, भर्ती
- उत्तरकाशी के बड़कोट में निकाय क्षेत्र के बाहर के लोगों के बूथ पर पहुंचने पर हुए हंगामे के बाद पुलिस ने लाठियां फटकारी
मैदान में उतरे 5405 प्रत्याशी
आयोग के मुताबिक, अंंतिम आंकड़े आने पर मत प्रतिशत में एक-दो प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। इसके साथ ही निकाय प्रमुखों और पार्षद-सभासद पदों के कुल 1382 पदों के लिए मैदान में उतरे 5405 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।
देर शाम पोलिंग पार्टियों की वापसी का क्रम शुरू हो गया। मध्य रात्रि तक मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में जमा कराया जाता रहा। मतगणना 25 जनवरी से प्रारंभ होगी।
जिलेवार मतदान की स्थिति
जिला | मतदान प्रतिशत |
अल्मोड़ा | 63 |
बागेश्वर | 67.19 |
चमोली | 66.64 |
चंपावत | 64 |
देहरादून | 55 |
हरिद्वार | 65 |
नैनीताल | 69.78 |
पौड़ी | 66.05 |
पिथौरागढ़ | 64.75 |
रुद्रप्रयाग | 71.15 |
टिहरी | 61.8 |
उधम सिंह नगर | 70.06 |
उत्तरकाशी | 61 |