पीएम मोदी बर्थडे स्वास्थ्य कैंपेन में उत्तराखंड ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, क्लिक कर देंखे आंकड़े

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड की ओर से प्रदेश में चलाए गए स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के जरिए 13.48 लाख लोग लाभान्वित हुए हैं. इसमें स्वास्थ्य विभाग ने 10 लाख लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा था. प्रदेश भर में आयोजित 21,268 स्वास्थ्य शिविरों ने बड़ी सफलता हासिल की है. दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर से गांधी जयंती यानि 2 अक्टूबर तक स्वास्थ्य शिविर (स्क्रीनिंग एवं स्पेशलिटी कैंप) लगाया था.

इन शिविरों में लाखों लोगों को तमाम बीमारियों की जांच और परामर्श उपलब्ध कराया गया. अब तक 5.87 लाख से अधिक लोगों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) की जांच हुई है, जबकि साढ़े पांच लाख से अधिक लोगों ने मधुमेह (डायबिटीज) की जांच कराई है. इसी तरह 4.90 लाख लोगों की कैंसर (मुख, गर्भाशय ग्रीवा एवं स्तन) की स्क्रीनिंग की गई है. इसके अलावा, प्रदेशभर में 95,628 लोगों की टीबी जांच की गई. 13,155 लोगों का निक्षय मित्र पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन हुआ है.

सिकल सेल रोग की जांच 276 लोगों की हुई और 23 सिकल सेल कार्ड वितरित किए गए हैं. इसके अलावा 6.99 लाख से अधिक लोगों को तमाम स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित काउंसलिंग दी गई है. आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 11,786 नए कार्ड बनाए गए हैं. वहीं, ई-रक्तकोष पोर्टल के माध्यम से 67,807 रक्तदाताओं का पंजीकरण हुआ है. 8,885 यूनिट रक्त संग्रहित किए गए हैं. महिला स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. गर्भवती महिलाओं के लिए अब तक 87,954 एएनसी (प्रेग्नेंसी चेकअप) कराए गए हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा राज्य सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. जिस तरह से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ को जनता का सहयोग मिल रहा है, वह अपने आप में प्रेरणादायक है. उन्होंने कहा राज्य सरकार चाहती है कि राज्य की हर नारी स्वस्थ हो और हर परिवार सशक्त बने. स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा प्रदेशभर में आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लाखों लोग स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित हो रहे हैं. कैंसर, डायबिटीज, टीबी और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच और रोकथाम के लिए यह अभियान एक मील का पत्थर साबित हो रहा है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *