नैनीताल जिले के रामनगर के पीरूमदारा चौकी क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 309 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पीरूमदारा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. जिसमें बाइक सवार की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई. पुलिस की मदद से घायल को तुरंत रामनगर स्थित रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय लाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया
हादसे के संबंध में मृतक के बेटे गगन दीप ने बताया कि, उनके पिता सुबह अपनी बाइक से काशीपुर की ओर फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए जा रहे थे. जैसे ही वह नई बस्ती के पास पहुंचे, तभी काशीपुर की दिशा से आ रही स्कॉर्पियो ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान 61 वर्षीय सोहन लाल पुत्र बनारसी लाल निवासी भवानीपुर खुल्बे के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार, सोहन लाल काशीपुर स्थित एक निजी कंपनी की बस में चालक के रूप में कार्यरत थे. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है.
काशीपुर पुलिस ने एसी के कॉपर पाइप चोरी के मामले में मोहम्मद मोवीन पुत्र कमर अली, निवासी सुन्नीतारा मस्जिद के सामने, महेशपुरा, कोतवाली काशीपुर, जनपद उधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया.
उधम सिंह नगर काशी पुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि काशीपुर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप के टुकड़े बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया. पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र लगभग 29 वर्ष है.
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है. क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है.