उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग को 168 बॉन्डधारी डॉक्टर मिल गए हैं, इनमें से ज्यादातर डॉक्टरों को चारधाम यात्रा रूटों पर तैनाती दिए जाने की तैयारी की गई है. राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से पास आउट डॉक्टरों को राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों के अस्पतालों में भी तैनाती दी जाएगी. ताकि, स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो सके.
उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में लगातार काम कर रही है. इसी कड़ी में बॉन्ड व्यवस्था के तहत श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से पास आउट हुए 168 बॉन्डधारी एमबीबीएस डॉक्टरों को राज्य के अलग-अलग जिलों में तैनाती दी जाएगी. जिसकी सूची डीजी हेल्थ की तरफ से सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को सौंपी जा चुकी है.
राज्य में संचालित चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए ज्यादातर बॉन्डधारी डॉक्टरों को यात्रा मार्ग से जुड़े अस्पतालों में तैनाती दी जाएगी. इन सभी डॉक्टरों की नियुक्ति अनुबंध की शर्तों के आधार पर की गई है. अगर कोई भी डॉक्टर पद त्याग या फिर अपनी ड्यूटी से गैर हाजिर पाया जाता है तो उसके खिलाफ सरकार की तरफ से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
बता दें कि उत्तराखंड में आगामी 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा 2026 शुरू हो रही है. जिसमें काफी संख्या में यात्रियों के पहुंचने की संभावना है. चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को मेडिकल सुविधा मुहैया करने के मकसद से स्वास्थ्य विभाग लगातार अपनी तैयारियों को मुकम्मल कर रहा है. क्योंकि, हाई एल्टीट्यूड होने की वजह से कई यात्री बीमार पड़ जाते हैं. ऐसे में उन्हें स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है.