हरिद्वार में नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

शहर के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित संत निरंकारी भवन के पास नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. आज शनिवार सुबह राहगीरों की नजर नाले के किनारे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद पड़ताल तेज कर दी गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार सुबह संत निरंकारी भवन के पास लोगों ने नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव देखा. शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी मच गई. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इसके बाद लोगों द्वारा ही पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाले में पड़े शव को बाहर निकाला. आसपास मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई.

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंका गया हो, लेकिन ये पुलिस पड़ताल के बाद ही पता चल सकेगा. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. वहीं मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *