स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 अल्ट्रासाउंड केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, 2 मशीनें की सील – Uttarakhand Surya

स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 अल्ट्रासाउंड केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, 2 मशीनें की सील

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने 9 अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापेमारी की. इस दौरान नियमों के उल्लंघन पर एक अस्पताल की दो अल्ट्रासाउंड मशीनों को सील कर दिया गया. यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके अग्रवाल के निर्देशों के अनुपालन में की गई, जिसका उद्देश्य पीसीपीएनडीटी एक्ट का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है.

अभियान का नेतृत्व नोडल अधिकारी डॉ. एसपी सिंह और प्रभारी नायब तहसीलदार राधेश्याम राणा ने संयुक्त रूप से किया. उनके साथ राजस्व विभाग से लेखपाल अमित पांडे, सामाजिक क्षेत्र की विशेषज्ञ बिंदु वासिनी, जिला समन्वयक प्रदीप महर और अधिशासी सहायक गोपाल आर्य भी मौजूद रहे. टीम ने पूरे क्षेत्र में सक्रिय प्रमुख अल्ट्रासाउंड और डायग्नोस्टिक केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन जांच की. कार्रवाई के दौरान कुल 9 केंद्रों का निरीक्षण किया गया.

टीम ने इन सभी केंद्रों में अभिलेखों की जांच, फॉर्म-F के रख-रखाव, मरीजों से संबंधित दस्तावेजों का मिलान और आवश्यक सूचनाओं की उपलब्धता को बारीकी से परखा. निरीक्षण के दौरान एक चिकित्सालय में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. यहां दो अल्ट्रासाउंड मशीनें मौजूद थीं, लेकिन मौके पर कोई अधिकृत रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं था और मशीनों का उपयोग नहीं किया जा रहा था. नियमों के उल्लंघन को देखते हुए टीम ने दोनों मशीनों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया. साथ ही अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि भविष्य में केवल अधिकृत विशेषज्ञ की उपस्थिति में ही मशीनों के संचालन की अनुमति दी जाएगी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *