विकासनगर में 33 केवी हाई वोल्टेज लाइन टूटकर सड़क पर गिरी, बड़ा हादसा टला

विकासनगर के नवाबगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को 33 केवी की हाई वोल्टेज बिजली लाइन अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई। घटना से क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि जिस समय बिजली लाइन सड़क पर गिरी, उस समय वहां से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाई वोल्टेज लाइन टूटकर सड़क पर गिरते ही लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को घटना की सूचना दी, जिसके बाद एहतियात के तौर पर संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई।

सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन को हटाने तथा मरम्मत का कार्य शुरू किया। विभागीय अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक टूटी हुई बिजली लाइन और उसके आसपास जाने से बचें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से क्षेत्र की जर्जर विद्युत लाइनों का निरीक्षण कर समय रहते आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *