उत्तराखंड में फिलहाल ठप रहेगी 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन नंबर, जानिए कारण

उत्तराखंड की प्रमुख स्वास्थ्य सहायता सेवा 104 हेल्पलाइन की सेवाएं तकनीकी कारणों से रविवार तक प्रभावित रहेगी. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने हेल्पलाइन परिसर मे विद्युत मरम्मत और मुख्य केबल बदलने के काम को शुरू किया है. जिसके चलते कॉल रिसीविंग में देरी या फिर व्यवधान उत्पन्न हो सकता है. यही वजह है कि एनएचएम ने इसकी सूचना जारी करते हुए जनता से सहयोग की अपील की है.

बता दें कि राज्यभर में स्वास्थ्य सलाह, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, शिकायत निवारण और तमाम स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी जनता को उपलब्ध करने के लिए 104 हेल्पलाइन संचालित की जा रही है, जो लाखों लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सेवा है. एनएचएम की मानें तो बढ़ती कॉल संख्या और डिजिटल सेवाओं की मांग को देखते हुए हेल्पलाइन के तकनीकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ये आवश्यक कदम उठाया जा रहा है.

मुख्य विद्युत केबल बदलने और बिजली आपूर्ति को ज्यादा सुरक्षित करने के लिए सुधार किए जा रहे हैं. ताकि, भविष्य में सेवाएं ज्यादा भरोसेमंद और निर्बाध हों सके. हेल्पलाइन के संचालन को बनाए रखने के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था की व्यवस्था की गई है, लेकिन तकनीकी कारणों से कुछ समय के लिए कॉल कनेक्ट होने में देरी आ सकती है.

हालांकि, काम को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए जा चुके हैं और सर्विस में सुधार से आने वाले दिनों में कॉल रिस्पॉन्स टाइम और सेवा गुणवत्ता दोनों बेहतर होने की उम्मीद है. एनएचएम ने जनता से अपील की है कि इस अवधि में किसी भी असुविधा की स्थिति में धैर्य रखें और आवश्यक होने पर बाद में फिर कॉल करें.

जनता के लिए सुझाव-

  1. आपात या गंभीर स्वास्थ्य समस्या के लिए अपने नजदीकी सरकारी/निजी स्वास्थ्य केंद्र से सीधे संपर्क करें/
  2. गैर-त्वरित स्वास्थ्य सलाह के लिए थोड़ी देरी सहन करें और फिर कॉल करने का प्रयास करें.
  3. हेल्पलाइन फंस जाने या लंबी प्रतीक्षा की स्थिति में संबंधित विभाग को ई-मेल/ऑनलाइन शिकायत के जरिए सूचित कर सकते हैं.
  4. एनएचएम ने आश्वासन दिया है कि मरम्मत व अपग्रेड का कम पूरा होते ही 104 हेल्पलाइन की सेवाएँ पूर्ण रूप से सामान्य कर दी जाएंगी.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *