हल्द्वानी में महिला से दुष्कर्म का आरोप, पति के दोस्त ने दिया घटना को अंजाम

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी क्षेत्र से एक गम्भीर मामला सामने आ रहा है, जहाँ पर एक महिला ने अपने पति के दोस्त पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि पति से विवाद के बाद जब वह अपनी सात महीने की बच्ची को लेकर मायके जाने के लिए निकली, तभी उसके पति का दोस्त उसे सुलह कराने और घर तक पहुंचाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि रास्ते में वह महिला को टांडा के जंगल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया ।

बताया जा रहा है कि जवाहर नगर गौला नदी क्षेत्र निवासी दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला अपनी मासूम बेटी को लेकर लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंच गई। इसी दौरान उसके पति के दोस्त को इस बात की जानकारी मिली और वह बाइक लेकर स्टेशन पहुंचा। महिला के अनुसार, आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह पति से बातचीत कराकर विवाद सुलझा देगा और उसे घर तक छोड़ देगा। इसी भरोसे पर महिला बच्ची समेत उसकी बाइक पर बैठ गई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम महिला को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।

लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल तक पहुंचने वाले रास्तों और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *