महिलाओं से अभद्रता का वीडियो हुआ वायरल: महिलाओं ने अभद्रता कर रहे कार सवारों की वीडियो बना ली. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. वायरल वीडियो में कर सवार चार लोग महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए नजर भी आ रहे हैं. वीडियो में महिलाएं उन पर नशे में होने का आरोप भी लग रही हैं. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर हरिद्वार के कुछ आम नागरिकों ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को फोन कर मामले की सूचना दी. एसएसपी के निर्देश पर पुलिस तत्काल हरकत में आई. बहादराबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी से टीम मौके पर भेजी गई. पुलिस ने दिल्ली नंबर की कार को रोककर उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस कोतवाली ले गई.
पुलिस ने युवकों को हिरासत में लिया, नशा करने की पुष्टि हुई: महिलाओं की ओर से पुलिस को शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने कार सवार चारों युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेकर मेडिकल कराया, जिसमें शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई. पुलिस ने कार को सीज करने के साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की है.
आरोपियों ने हाथ जोड़कर मांगी मापी: पुलिस के मुताबिक सफेद रंग की वैगनआर कार संख्या DL3CBC9887 में सवार कुछ युवक नशे की हालत में वाहन चला रहे थे. आरोप है कि इस दौरान उन्होंने राहगीरों और महिलाओं से बहस व अभद्रता की. मामला संज्ञान में आने के बाद बहादराबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार को रुकवाया और युवकों को थाने ले आई. पुलिस कार्रवाई के दौरान युवकों ने हाथ जोड़कर अपने कृत्य के लिए माफी मांगी और भविष्य में दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया.
कोतवाली प्रभारी बोले अभद्रता और हुड़दंग बर्दाश्त नहीं: कोतवाली प्रभारी बहादराबाद इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि-
नशे की हालत में वाहन चलाने और आम लोगों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. मेडिकल में एल्कोहल की पुष्टि होने पर कार को सीज कर दिया गया है. सड़क पर हुड़दंग या यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
-अमरजीत सिंह, इंस्पेक्टर, बहादराबाद कोतवाली-