यूपी से उत्तराखंड के पहाड़ तक फैले नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, सद्दाम हुसैन के ‘व्हाट्सऐप चैट’ से पकड़े 6 स्मगलर – Uttarakhand Surya

यूपी से उत्तराखंड के पहाड़ तक फैले नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, सद्दाम हुसैन के ‘व्हाट्सऐप चैट’ से पकड़े 6 स्मगलर

मोबाइल की व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आगे की कड़ियां खंगालीं और अल्मोड़ा, नैनीताल तथा पिथौरागढ़ तक कार्रवाई पहुंचाई.

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पहाड़ी जिलों तक फैले ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है. एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने बरेली से लेकर पिथौरागढ़ के झूलाघाट तक फैली कथित सप्लाई चेन से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

यूपी से उत्तराखंड के पहाड़ तक फैले नशे के नेटवर्क का भंडाफोड़: पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के तार बहेड़ी से जुड़े हैं. इनमें से कुछ आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं. कार्रवाई की शुरुआत पुलभट्टा थाना क्षेत्र में एक आरोपी से नशीले इंजेक्शन बरामद होने के बाद हुई. मोबाइल फोन की कथित व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आगे की कड़ियां खंगालीं और अल्मोड़ा, नैनीताल तथा पिथौरागढ़ तक कार्रवाई पहुंचाई.

ड्रग सप्लाई नेटवर्क के 6 लोग गिरफ्तार: उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत उधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का दावा किया है. एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने बरेली के बहेड़ी से लेकर पहाड़ के अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों तक फैले कथित ड्रग सप्लाई नेटवर्क के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और इनमें से कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है.

सद्दाम हुसैन था नशा तस्करी गैंग का सरगना: पुलिस के मुताबिक कार्रवाई की शुरुआत 30 सितंबर को पुलभट्टा थाना क्षेत्र में हुई. संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान बहेड़ी और उधम सिंह नगर सीमा पर एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसमें सवार सद्दाम हुसैन को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नीले रंग के बैग में रखे छह गत्ते के डिब्बों से कुल 150 प्रतिबंधित Buprenorphine Injection I.P. 0.3 mg/ml बरामद होने की बात पुलिस ने कही. इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए.

सद्दाम हुसैन हिस्ट्रीशीटर है: पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया. जांच के दौरान पुलिस के अनुसार सद्दाम हुसैन का संबंध बहेड़ी क्षेत्र में नशा तस्करी से जुड़ा पाया गया और उसके खिलाफ बरेली तथा उधम सिंह नगर में पहले भी एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार वह बहेड़ी थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है.

व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल ने खोल दिए नशा तस्करी नेटवर्क के धागे: एसएसपी अजय गणपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बरामद नशीले इंजेक्शनों और स्मैक की कथित सप्लाई चेन के संबंध में पूछताछ कराई. पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में नशीले पदार्थों से संबंधित कुछ व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल मिलीं, जिनसे नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में सक्रिय कथित सप्लायरों के बारे में जानकारी मिली.

कई जिलों में भेजी गई टीमें: इसके बाद उधम सिंह नगर पुलिस की अलग-अलग टीमों को संबंधित जिलों में भेजा गया. पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए कार्रवाई की और कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया.

अल्मोड़ा, हल्द्वानी और पिथौरागढ़ से गिरफ्तार हुए ड्रग तस्कर: गिरफ्तार आरोपियों में अल्मोड़ा निवासी अक्षय शामिल है. पुलिस के अनुसार वह स्मैक का सेवन करने के साथ-साथ इसकी बिक्री भी करता था और वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है. दूसरा आरोपी हल्द्वानी के दमुवाढूंगा निवासी सौरभ है, जो मेडिकल स्टोर चलाता था. पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ भी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज हो चुका है.

तीसरा आरोपी अल्मोड़ा निवासी पीयूष बताया गया है. पुलिस के अनुसार वह पहाड़ी क्षेत्र में स्मैक की सप्लाई से जुड़ा था और वर्ष 2023 में स्मैक बरामदगी के मामले में जेल जा चुका है. चौथा आरोपी पिथौरागढ़ निवासी भूपेंद्र सिंह मेहता है. पूछताछ में उसके द्वारा बहेड़ी से स्मैक खरीदकर लाने और आगे बेचने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है.

एक महिला भी नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार: पांचवीं आरोपी अल्मोड़ा निवासी एक महिला है. पुलिस के मुताबिक उसके दोनों बेटे पूर्व में नशे से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं. पुलिस का दावा है कि बेटों के मामलों में होने वाले खर्च को पूरा करने के लिए वह कथित तौर पर नशे के कारोबार में शामिल हुई और बहेड़ी से स्मैक व नशीले इंजेक्शन लाकर अल्मोड़ा तथा हल्द्वानी में सप्लाई करती थी.

छठा आरोपी पिथौरागढ़ के झूलाघाट निवासी रवि थापा बताया गया है. पुलिस के अनुसार वह बहेड़ी से स्मैक खरीदकर खुद सेवन करने के साथ आसपास के युवाओं और कुछ नेपाली युवाओं को भी बेचता था. उसके खिलाफ देहरादून में वर्ष 2016 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है.

बहेड़ी से लेकर पिथौरागढ़ तक फैला था नशा तस्करी का जाल: पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से बहेड़ी से लेकर पिथौरागढ़ के झूलाघाट तक फैले कथित ड्रग सप्लाई नेटवर्क की कई कड़ियां सामने आई हैं. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है.

एसएसपी ने कहा कार्रवाई जारी रहेगी: एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि-

हमने नशे के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है. नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. आमजन से भी अपील है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या सप्लाई से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस को दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
-अजय गणपति, एसएसपी, उधम सिंह नगर-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *