दरांती से काटकर 22 साल की पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बोला- किसी और को मार रहा था, गलती से… – News Blue 24 – Uttarakhand Surya

दरांती से काटकर 22 साल की पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बोला- किसी और को मार रहा था, गलती से… – News Blue 24

हत्या आरोपी पति कचटा इलाके में एक छानी में छिपा हुआ था, ग्राम प्रहरी की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया

विकासनगर: देहरादून जिले के कालसी में पत्नी का दरांती से काटकर मर्डर करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार कर लिया गया है. ये घटना कालसी क्षेत्र के कचटा गांव में हुई थी. राजस्व पुलिस ने शुक्रवार देर शाम को कचटा गांव के समीप एक छानी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश किया जाएगा.

कालसी के गांव में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार: उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी तहसील क्षेत्र के कचटा गांव में अपनी पत्नी के साथ हुए झगड़े में पति मनोज 24 वर्ष ने अपनी पत्नी नीलू उर्फ नीलम 22 साल की धारदार हथियार पाठल (दरांती) से काटकर निर्मम हत्या कर दी थी. हत्या के बाद से आरोपी मनोज फरार चल रहा था. इस हत्याकांड से गांव और क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. हर कोई इस वीभत्स मर्डर की घटना से सन्न रह गया था.

कचटा गांव के पास छानी से गिरफ्तार हुआ आरोपी मनोज: घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व पुलिस और रेगुलर पुलिस मौके पर पंहुची और घटना के बारे में जानकारी ली. शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई. राजस्व पुलिस आरोपी की तलाशी में जुट गई. शुक्रवार देर शाम को ग्राम प्रहरी और ग्रामीणों की सूचना पर नायब तहसीलदार कालसी रविंदर असवाल और नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल अपनी टीम के साथ कचटा गांव के समीप एक छानी (पशुओं को बांधने का स्थान) पहुंचे. यहां से हत्या के आरोपी मनोज को गिरफ्तार किया गया.

नायब तहसीलदार का बयान: नायब तहसीलदार कालसी रविंदर असवाल ने बताया कि-

आरोपी की तलाश के लिए ग्राम प्रहरियों को सक्रिय किया गया था. ग्राम प्रहरी और ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी कचटा गांव के समीप एक छानी मे छुपा है. राजस्व पुलिस ने छानी से आरोपी को देर शाम गिरफ्तार किया.
-रविंदर असवाल, नायब तहसीलदार-

आज कोर्ट में पेश होगा हत्या आरोपी पति: नायब तहसीलदार ने बताया कि तहरीर के आधार पर धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया वह किसी और को मार रहा था. गलती से अपनी पत्नी पर धारधार हथियार से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. नायब तहसीलदार ने बताया कि आरोपी का आज मेडिकल कराया जाएगा. उसके उपरांत उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा.

क्या है पूरा मामला? देहरादून जिले के कालसी ब्लॉक के कचटा गांव में पति मनोज और पत्नी नीलू के बीच झगड़ा हो गया था. आरोप है कि इस दौरान मनोज आपा खो बैठा और उसने दरांती के वार से पत्नी पर वार कर दिया. धारदार हथियार से ज्यादा चोट लगने से नीलू की मौत हो गई थी. पति मनोज 24 साल का है जबकि पत्नी नीलू सिर्फ 22 साल की थी. दोनों के विवाह को भी सिर्फ 3 साल ही हुए थे.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *