पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने नार्को टेस्ट के लिए जताई सहमति, उर्मिला सनावर भी पहुंची CBI कोर्ट – News Blue 24 – Uttarakhand Surya

पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने नार्को टेस्ट के लिए जताई सहमति, उर्मिला सनावर भी पहुंची CBI कोर्ट – News Blue 24

पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने आज सीबीआई कोर्ट पहुंचकर नार्को टेस्ट के लिए सहमति जताई, उर्मिला सनावर भी कोर्ट पहुंची

देहरादून: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की पहचान को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने नार्को टेस्ट कराने के लिए अपनी सहमति जताई है. शुक्रवार 23 अक्टूबर को वह देहरादून सीबीआई कोर्ट पहुंचे और मीडिया के सामने सहमति से जुड़ा पत्र भी दिखाया. वहीं, मामले में कथित VIP के खुलासे को लेकर जांच कर रही सीबीआई उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है.

नार्को टेस्ट के लिए सुरेश राठौड़ ने जताई सहमति: अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की पहचान को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे हैं. हाल ही में वायरल हुए ऑडियो और उससे जुड़े दावों के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है. इसी बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने नार्को टेस्ट के लिए सहमति जताते हुए जांच एजेंसियों को सहयोग देने की बात कही है. मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कहा कि वह जांच एजेंसियों को हर तरह से सहयोग करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी के खिलाफ आरोप नहीं लगाए हैं. हालांकि, वायरल ऑडियो को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया.

उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया पर नजर: वहीं, अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP से जुड़े दावों की पड़ताल कर रही सीबीआई उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट की तैयारी में जुटी है. आज शुक्रवार सुबह सीबीआई कोर्ट में नार्को टेस्ट की प्रक्रिया को लेकर उर्मिला सनावर पहुंची. इसके लिए कोर्ट की ओर से उर्मिला सनावर को नोटिस जारी किया गया था. नार्को टेस्ट के जरिए उर्मिला सनावर के दावों और उनके पास मौजूद जानकारी की जांच किए जाने की उम्मीद है. हालांकि, इस प्रक्रिया से कथित VIP की पहचान को लेकर क्या जानकारी सामने आती है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

सीबीआई कोर्ट पहुंची उर्मिला सनावर: सीबीआई कोर्ट पहुंची उर्मिला सनावर ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें सहयोग नहीं कर रही है. उन्होंने सीएम धामी से मिलने का समय मांगा है. उधर उर्मिला सनावर के सीबीआई कोर्ट पहुंचने से पहले सुरेश राठौड़ वहां से निकल गए. राठौड़ ने सीबीआई कोर्ट में नार्को टेस्ट पर अपनी सहमति जताई है.

अब नार्को टेस्ट पर सबकी नजर: अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की पहचान को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच सुरेश राठौड़ की सहमति और उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट से जुड़ी कार्रवाई पर अब सबकी नजरें टिकी हैं.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *