उत्तराखंड के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्ड्स और मेडिकल स्टाफ के साथ अभद्रता और मारपीट की घटना सामने आई है. मारपीट का वीडियो भी सामने आया है. मामला देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के ओटी एंड इमरजेंसी ब्लॉक का है. सुरक्षा कर्मियों ने हमलावरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है.
घटना के मुताबिक, 19 जुलाई की सुबह परिजन 16 वर्षीय एक किशोरी को पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत पर उपचार के लिए इमरजेंसी ब्लॉक में पहुंचे. इमरजेंसी स्टाफ ने किशोरी को एग्जामिन किया. इसके बाद फर्स्ट फ्लोर पर गायनेकोलॉजिस्ट डिपार्टमेंट (स्त्री रोग विभाग) में दिखाने की सलाह दी. पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत पर गायनेकोलॉजिस्ट डिपार्टमेंट में मौजूद डॉक्टर ने किशोरी का खून का सैंपल लेकर जांच रिपोर्ट के आधार पर रोग पता करने और उपचार की बात कही.
डिपार्टमेंट के स्टाफ ने किशोरी का ब्लड सैंपल लिया. लेकिन इसी दौरान किशोरी के परिजनों ने बगैर जरूरत के खून की जांच के लिए आवश्यकता से अधिक सैंपल लेने का आरोप लगाते हुए स्टाफ से अभद्रता शुरू कर दी. बीच बचाव के लिए डिपार्टमेंट में तैनात अस्पताल की महिला सुरक्षा गार्ड्स मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद मामला और भी ज्यादा बढ़ गया. किशोरी के परिजनों ने महिला सुरक्षा गार्ड्स के साथ मारपीट शुरू कर दी. अस्पताल स्टाफ का आरोप है कि विवाद के दौरान तीमारदारों के हाथ में जो आया, उससे सुरक्षा कर्मियों के ऊपर हमला किया गया. मारपीट की घटना में दो महिला सुरक्षा कर्मियों को चोटें आई हैं.
सुरक्षा कर्मियों का आरोप है कि किशोरी के परिजनों ने महिला सुरक्षा कर्मियों के ऊपर कांच की बोतल से हमला किया. वार्ड आया के पेट में लात भी मारी और बीच बचाव करने पहुंचे सुरक्षा में तैनात पुरुष सुरक्षा कर्मियों के साथ भी मारपीट भी की.