लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है. एक ग्रामीण ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए एक 20 वर्षीय युवती के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवती के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है और किशोरी की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा दोनों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
शिकायतकर्ता ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री स्थानीय विद्यालय में हाईस्कूल की छात्रा है. उसके गांव के ही एक अन्य ग्रामीण की पुत्री भी उसी के साथ उसी कक्षा में पढ़ती है. इस वजह से दोनों परिवारों के बीच आना-जाना था. इसी दौरान शिकायतकर्ता के साढू की 20 वर्षीय बेटी का भी उनके घर आना-जाना लगा रहता था. धीरे-धीरे उस युवती की दोस्ती उसकी नाबालिग पुत्री से हो गई और दोनों आपस में बातचीत करने लगीं.
परिजनों के अनुसार, 12 सितंबर की सुबह उनकी नाबालिग पुत्री घर से पशुओं के घेर में जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. जब परिजनों ने घेर में जाकर देखा तो वहां भी वह नहीं मिली. इसके बाद परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि गांव में आने वाली वह 20 वर्षीय युवती भी उसी दिन से लापता है और वह उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई है.