निठारी कांड में बरी हुए सुरेंद्र कोली ने की आत्महत्या, हरिद्वार में चाय की दुकान में लगाई फांसी

बहुचर्चित निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कोली हरिद्वार शहर कोतवाली के भूपतवाला इलाके में रह रहा था पिछले कुछ दिनों से वह इसी इलाके में चाय की दुकान चला रहा था. इसी दौरान उसने चाय की दुकान पर फांसी लगाकर जान दे दी.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. सुरेंद्र कोली निठारी कांड के मामलों में आरोपी था और हाल ही में इन मामलों में बरी किया गया था. पुलिस अब उसकी मौत से जुड़े हालात की जांच कर रही है.

SHO कुंदन सिंह राणा ने आजतक को बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे इस संबंध में कॉल मिली थी. इसके बाद जब मृतक की ID चेक की गई तो पता चला कि उसने अपना नाम सुरेंद्र कोली बताया था. SHO के मुताबिक, मृतक के पास से मिली ID निठारी वाले सुरेंद्र कोली से मिलती है. उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने रस्सी को ऊपर से बांधकर फांसी लगाई थी.

 निठारी हत्याकांड से जुड़े आखिरी मामले में भी सुरिंदर कोली को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी. 11 नवंबर 2025 को अदालत ने उसे इस मामले में बरी कर दिया था. अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि कोली को दोषी ठहराने और सजा सुनाने के लिए पिछली अदालतों ने जिन सबूतों को आधार बनाया, वे कानूनी कसौटी पर खरे नहीं उतरते थे. अदालत के मुताबिक ये सबूत अवैध, भरोसे के लायक नहीं और आपस में विरोधाभासी थे.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *