पटेलनगर में कैफे के बाहर चली गोली, युवक ने दर्ज कराया मुकदमा

राजधानी के पटेलनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक कैफे के बाहर युवक पर कथित तौर पर पिस्तौल से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसे फोन कर कैफे के बाहर बुलाया गया, जहां पहले उसके साथ गाली-गलौज की गई और फिर उस पर गोली चलाई गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में हरिद्वार जनपद के थाना झबरेड़ा क्षेत्र के रामनगर, पोस्ट मगदूमपुर निवासी सन्नी ने बताया कि 19 जुलाई की सुबह करीब 2:40 बजे वह अपने साथी आर्यन के साथ अपने कमरे पर मौजूद था। इसी दौरान शुभम नामक युवक का फोन आया, जिसने उसे सुबह लगभग 3:15 बजे स्वस्तिक कैफे पर मिलने के लिए बुलाया।

पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह कैफे पहुंचा, वहां शुभम अपने तीन अन्य साथियों के साथ पहले से मौजूद था। चारों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान शुभम ने पिस्तौल निकालकर उस पर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।

सन्नी का यह भी आरोप है कि इसके बाद युवराज नामक युवक ने शुभम से पिस्तौल लेकर दोबारा उस पर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन पिस्तौल से फायर नहीं हो सका। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह वहां से निकलकर डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *