शादी के महज 3 महीने में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर लगाया गंभीर आरोप – Uttarakhand Surya

शादी के महज 3 महीने में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर लगाया गंभीर आरोप

हरिद्वार जनपद में भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव में शादी के महज तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. नवविवाहिता की मौत को लेकर मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर कथित हत्या का आरोप लगाया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर कहासुनी हुई.

भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी भगवानपुर थाना क्षेत्र के ही सिसौना गांव में करीब तीन महीने पहले एक युवक के साथ हुई थी. दोनों की शादी उनकी पसंद और परिवारों की सहमति से रीति-रिवाज के साथ हुई थी. लेकिन शादी के करीब तीन महीने बाद ही विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई. विवाहिता की मौत की खबर जैसे ही मायके पक्ष के लोगों को लगी तो वह दंग रह गए. जिसके बाद मायके पक्ष के लोग उसके ससुराल पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई गई. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामें की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया. वहीं, पोस्टमार्टम होने के बाद जब शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की बात आई तो मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के बीच विवाद खड़ा हो गया. मायके और ससुराल पक्ष दोनों ही शव का अंतिम संस्कार अपने यहां करने की बात पर अड़ गए.

देखते ही देखते दोनों पक्षों में मोर्चरी के बाहर ही तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए, जिसके बाद मायके पक्ष के लोग शव लेकर चले गए और अंतिम संस्कार किया गया. हालांकि नवविवाहिता की मौत को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल में जुटी हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *