थाना प्रेमनगर क्षेत्र के अंतर्गत पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए दून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र के पीजी और हॉस्टलों में देर रात आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया. एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात हॉस्टलों और पीजी की जांच की. चेकिंग अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए.साथ ही देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले चार संदिग्ध युवकों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने लाया गया.
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चेकिंग के दौरान पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों से वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी ली. सभी छात्रों का शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन कराने और हॉस्टल में अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए. पुलिस ने संचालकों को छात्रों के रात 10 बजे तक हॉस्टल में प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित करने, बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही प्रवेश देने और आने-जाने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि हॉस्टल या पीजी में रहने वाला कोई छात्र आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है या नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़ी शिकायत सामने आती है तो संबंधित छात्र के साथ-साथ प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.इसके अलावा रात में छात्र-छात्राओं के अनावश्यक रूप से घूमते पाए जाने पर भी संबंधित हॉस्टल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
साथ ही चेकिंग अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए. संचालकों को तय समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए. वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले चार संदिग्ध युवकों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने लाया गया. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. वहीं पुलिस का कहना है कि उनकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.