हरिद्वार से शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पिता ने मामूली शक के चलते अपनी 13 साल की बेटी की हत्या कर दी। मामला रुड़की के मंगलौर का है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता को शक था कि उसकी बेटी किसी से बातचीत करती है। इसी बात को लेकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर किशोरी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को किशोरी की मां ने धनेश्वर उर्फ तोता और आशीष उर्फ धोल्ला के खिलाफ बेटी को घर से ले जाने और वापस न लाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने मामले की जांच तेज की और सुराग जुटाते हुए 22 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी धनेश्वर ने बताया कि 27 जुलाई को वह अपने दोस्त आशीष के साथ मोटरसाइकिल से किशोरी को माता मंदिर के पास पुल पर ले गया, जहां कथित तौर पर कमीज से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गंगनहर में फेंक दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में धनेश्वर उर्फ तोता पुत्र मांगेराम और आशीष उर्फ धोल्ला पुत्र सुनील, निवासी ग्राम ब्रह्मपुर जट्ट, मंगलौर शामिल हैं। पुलिस ने धनेश्वर के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम गंगनहर में किशोरी के शव की तलाश में जुटी है। पुलिस ने धनेश्वर का आपराधिक इतिहास भी बताया है, जिसमें हत्या/लूट से जुड़े मामलों समेत आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के मुकदमे दर्ज हैं।