SSC परीक्षा में चीटिंग की हाई-टेक कोशिश, बाथरूम के बहाने निकला, ब्लूटूथ लेकर आया तो पकड़ा गया – Uttarakhand Surya

SSC परीक्षा में चीटिंग की हाई-टेक कोशिश, बाथरूम के बहाने निकला, ब्लूटूथ लेकर आया तो पकड़ा गया

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में अनुचित साधन का प्रयोग करने वाले अभ्यर्थी को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. परीक्षा के दौरान बाथरूम जाने के बहाने अभ्यर्थी एग्जाम हॉल से बाहर गया था. जब परीक्षा कक्ष में वापस लौटा तो उसकी चेकिंग की गई. चेकिंग के दौरान उसके पास से ब्लूटूथ डिवाइस मिली.

बताया जा रहा परीक्षा केंद्र में नियुक्त सपोर्टिंग स्टाफ ने आरोपी अभ्यर्थी को ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराई थी. आरोपी की ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से अपने अन्य साथी से संपर्क कर परीक्षा में नकल करने की योजना थी, लेकिन योजना धरी की धरी रह गई. वहीं, आरोपी से पूछताछ के आधार पर 2 अन्य आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.

बता दें कि 18 नवंबर को भगवान दास ने पुलिस को एक सूचना दी थी. जिसमें बताया गया कि देहरादून में एसएससी की ओर से ग्रुप बी और ग्रुप सी पदों के लिए कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल एग्जामिनेशन (टायर 1) की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित कराई जा रही है. जिसका एक परीक्षा केंद्र महादेवी इंटर कॉलेज प्रांगण स्थित महादेव डिजिटल जोन रखा गया है. जहां 12 से 30 नवंबर तक परीक्षा चल रही है.

मंगलवार को प्रथम पारी की परीक्षा 10 बजे से 11 बजे तक थी, जिसमें सुबह 8ः30 बजे से अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू कर दी गई थी. परीक्षा केंद्र में एक अभ्यर्थी दीपक निवासी हरियाणा भी परीक्षा देने आया था. जो गेट पर चेकिंग के बाद परीक्षा कक्ष में परीक्षा देने चला गया था, लेकिन कुछ समय बाद वो बाथरूम जाने के बहाने कक्ष से बाहर आ गया. जब वापस कक्ष में गया तो उसकी चेकिंग की गई. जिसमें अभ्यर्थी के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस मिली.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *