गदरपुर में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का तांडव, 20 से 25 राउंड फायरिंग का आरोप, युवक को लगी गोली

उधम सिंह नगर के गदरपुर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. स्कॉर्पियो सवार हमलावरों पर एक कार का पीछा करते हुए 15 से 25 राउंड फायरिंग करने का आरोप है. घटना में एक युवक के पैर में गोली लगी. जबकि, कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी. पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.

दरअसल, गदरपुर थाना क्षेत्र के सरदार नगर में रविवार शाम हुई स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने एक कार का पीछा करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की. घटना में गुरुचरण उर्फ गगन उप्पल के पैर में गोली लग गई. जबकि उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार बदमाश हथियारों और तलवारों से लैस थे. आरोप है कि उन्होंने कार का पीछा करते हुए कई राउंड फायरिंग की और लोगों में दहशत फैलाने के लिए हवा में भी गोलियां चलाईं. घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.

घायल गगन उप्पल ने पुलिस को बताया कि वो अपने साथियों के साथ रुद्रपुर से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया. कुछ दूर तक पीछा करने के बाद आरोपियों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

जान बचाने के प्रयास में चालक ने कार को तेजी से भगाया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर नाले में जा गिरा. इसी दौरान चली एक गोली गगन के पैर में लग गई. पहले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले जाया गया, फिर जिला अस्पताल रुद्रपुर भेजा गया. हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *