हरिद्वार में VIP नंबरों की जबरदस्त डिमांड, UK08 BM 0009 के लिए ₹5.40 लाख की सबसे ऊंची बोली

परिवहन विभाग द्वारा लगाई गई बोली में नए वाहनों के वीआईपी नंबर लेने को लेकर उत्साह देखने को मिला. एक कार स्वामी ने पांच लाख चालीस हजार रुपये में कार का नया नंबर खरीदा. जितने रुपए में एक छोटी कार आ जाती है, उतने रुपए में तो कार स्वामी ने वीआईपी नंबर खरीदा है. इसके अतिरिक्त लाखों रुपए खर्च करने वाले अन्य कई वाहन स्वामियों ने भी लाखों रुपए में वीआईपी नंबर खरीदे.

दरअसल आज भी लोगों में कार, बाइक और अन्य वाहनों में वीआईपी नंबर लेने की होड़ दिखाई देती है. 111, 000, जैसे नंबर वीआईपी श्रेणी में आते हैं. परिवहन विभाग द्वारा इन नंबरों को आम नंबरों की जगह महंगे दामों में बेचा जाता है. इसके लिए ऑनलाइन बोली लगाई जाती है. बोली में वीआईपी नंबर की सर्वाधिक बोली लगाने वालों को वीआईपी नंबर अलॉट किया जाता है.

परिवहन विभाग के अनुसार, विभाग द्वारा नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM प्रारम्भ होते ही आकर्षक वीआईपी पंजीकरण नंबरों के लिए उत्साह देखने को मिला. ऑनलाइन ई-नीलामी में वाहन स्वामियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप कई पसंदीदा नंबरों पर लाखों रुपये की बोलियां लगीं. नई श्रृंखला के खुलते ही मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने यह स्पष्ट कर दिया कि फैंसी नंबरों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है. ई-नीलामी में UK08 BM 0009 सबसे अधिक चर्चा का विषय रहा, जिसके लिए ₹5,40,000 की सर्वाधिक बोली प्राप्त हुई.

इसके अतिरिक्त UK08 BM 0001 के लिए ₹4,91,000, UK08 BM 0007 के लिए ₹3,88,000, UK08 BM 0008 के लिए ₹1,73,000, UK08 BM 0002 के लिए ₹1,41,000 तथा UK08 BM 9000 के लिए ₹91,000 की बोली लगी. वहीं 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 तथा 0999 जैसे अन्य आकर्षक नंबरों के लिए भी लोगों ने उत्साहपूर्वक बोली लगाई.

फैंसी नंबरों की इस ई-नीलामी से परिवहन विभाग को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ है. यह न केवल राज्य सरकार की आय में महत्वपूर्ण योगदान है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि लोग अपनी पसंद और पहचान से जुड़े विशेष पंजीकरण नंबरों के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करने को तैयार हैं. ऑनलाइन ई-ऑक्शन प्रणाली के कारण पूरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुविधाजनक रही.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *