जॉलीग्रांट से देहरादून अपने घर लौट रहे एक युवक की चलती कार में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई। चालक ने तत्परता दिखाते हुए कार रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कार के अगले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं।
घटना शाम करीब 7:30 बजे की है। आल्टो कार संख्या UK07BG0219 के चालक हिमांशु जोशी पुत्र नरेश चंद्र जोशी, निवासी 14/1 डालनवाला, देहरादून जॉलीग्रांट से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मणिमाई मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे देहरादून रोड पर पहुंची, कार के अगले हिस्से में अचानक आग लग गई। उस समय कार में हिमांशु जोशी अकेले सवार थे।
घटना की सूचना पुलिस को शाम 7:34 बजे मिली। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल दिनेश रावत एवं हेड कांस्टेबल जसपाल पवार तत्काल मौके के लिए रवाना हुए और शाम 7:45 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का अगला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।