उत्तराखंड जल संस्थान में उपनल कर्मचारियों को समान काम के समान वेतन के लिए परीक्षा भी देनी होगी। जल संस्थान ने कर्मचारियों को समान वेतन का आदेश तो आज मंगलवार को जारी कर दिया है, लेकिन साथ में परीक्षा की शर्त भी जोड़ दी है।
इसके अनुसार ठीक एक महीने बाद कर्मचारी को अपने पद की योग्यता की परीक्षा भी देनी होगी। जल संस्थान के सीजीएम डीके सिंह ने मंगलवार को इस बाबत आदेश किए। प्रबंधन से समान वेतन का आदेश जारी होने की सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे थे। जैसे ही उन्होंने शर्त का पैरा पढ़ा तो उनके पैरों तले जमीन ही खिसक गई। आदेश में लिखा गया है कि जिस पद के सापेक्ष कर्मचारियों की तैनाती हुई है, उन्हें एक महीने में उस पद के अनुरूप अर्हता की विभागीय परीक्षा देनी होगी।
परीक्षा के नतीजे के आधार पर जल संस्थान प्रबंधन कर्मियों के संबंध में आगे निर्णय लेगा। मालूम हो कि जल संस्थान में उपनल के माध्यम से डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनो, चतुर्थ श्रेणी के रूप में करीब 150 कर्मचारी नियुक्त हैं। इनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर को कम्प्यूटर टाइपिंग और स्टेनो को शॉर्ट हैंड की परीक्षा देनी होगी। इस आदेश से सबसे ज्यादा परेशान स्टेनो पद पर नियुक्त कर्मचारी हैं। उन्हें कम्प्यूटर टाइपिंग के साथ शॉर्टहैंड की भी परीक्षा देनी होगी। कर्मचारियों को चिंता यह सता रही है कि यदि वे परीक्षा पास कर पाए तो उनका क्या होगा?