दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उपनल कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन के मामले में बड़ा झटका लगा है। कॉलेज प्रबंधन की ओर से 120 कर्मियों की सूची उपनल को सत्यापन के लिए भेजी गई थी, लेकिन निर्धारित कटऑफ और मानकों के आधार पर केवल 53 कर्मचारियों को ही समान कार्य-समान वेतन का लाभ देने की मंजूरी मिली है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2016 में ये कर्मचारी कॉलेज के अधीन आ गए और उन्हें वेतन उपनल से मिलने लगा। सत्यापन के दौरान कई कर्मचारी निर्धारित मानकों में शामिल नहीं हो सके, जिससे उन्हें फिलहाल इस लाभसे वंचित रहना पड़ा।
उपनल कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि इस संबंध में शासन और मंत्री स्तर पर वार्ता हो चुकी है। उम्मीद जताई कि जो कर्मचारी इस बार सूची से बाहर रह गए हैं, उन्हें अगले चरण में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चार माह से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियां हो रही हैं।