देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर शुक्रवार देर रात एक कार ने खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल बताई जा रही है
हादसा बीती देर रात करीब 12:45 का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, कैनाल रोड पर एक आई-20 कार (UP14DE 0052) ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के दौरान स्कूटी पर सवार महिला नैना राजपूत और अन्य महिला निधि कश्यप घायल हो गईं।
आनन-फानन में दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव (20) निवासी राजपुर और उसके साथी हाशिम (24) निवासी राजपुर को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में कार चालक ने बताया कि वह काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आ रहा था। इसी दौरान कार के ब्रेक नहीं लगे और वाहन सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों से जा टकराया।
हादसे में घायल नैना राजपूत (26) पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी डोईवाला की उपचार के दौरान मैक्स अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, घायल निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है।