उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 31 लोगों में हुई पुष्टि, अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा H1N1 ने दस्तक दे दी है। अगस्त महीने में अब तक प्रदेशभर में 31 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले 22 दिनों के दौरान सामने आए मामलों के बाद प्रदेश में स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है।

दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र और केरल समेत देश के कई राज्यों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद अब उत्तराखंड में भी संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी अस्पतालों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को इन्फ्लुएंजा परीक्षण किट, पीपीई किट, मास्क, वीटीएम वायल, ओसेल्टामिविर दवा और वेंटिलेटर समेत आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की निगरानी एवं उपचार को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के बाद प्रदेश के सभी जिलों में रैपिड रिस्पांस टीमें भी सक्रिय कर दी गई हैं। ये टीमें स्वाइन फ्लू के मामलों की निगरानी के साथ ही संक्रमण की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करेंगी।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *