दिल्ली में केदारनाथ धाम के प्रतिरूप को बनाने को लेकर इन दिनों उत्तराखंड में उबाल देखने को मिल रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक, केदारनाथ से लेकर यमनोत्री तक इसका जमकर विरोध किया जा रहा है। इसी के विरोध में आज देहरादून में कांग्रेस ने धामी सरकार का पुतला फूंका।
दिल्ली में केदारनाथ धाम बनाने को लेकर प्रदेश में उबाल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिल्ली में केदारनाथ धाम के प्रतिरूप में बनने वाले मंदिर के शिलान्यास करने पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस नाराज़ नज़र आ रही है। कांग्रेस इसे लेकर लगातार सरकार पर निशाना साध रही है। मंगलवार को राजधानी देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के बीच धामी सरकार का पुतला दहन किया।
कांग्रेस ने धामी सरकार का फूंका पुतला
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने आक्रोश व्यक्त करते हुए धामी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की। जिसके चलते कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने सनातन धर्म को ठेस पहुंचाने का काम किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केदारनाथ एक था और एक ही रहेगा। जो आधार शिला दिल्ली में स्थापित किया जा रहा है वो सरासर ग़लत है जो किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।