सड़कों पर बने आटो-विक्रम स्टैंड, यातायात जाम का बन रहे कारण… निजात कब?

ऋषिकेश यातायात जाम की समस्या से जूझ रहा है। इसके लिए पार्किंग का अभाव व अतिक्रमण तो मुख्य रूप से जिम्मेदार हैं। साथ ही मुख्य मार्गों पर बने आटो, रिक्शा, टैक्सी-मैक्सी स्टैंड भी हैं। स्थानीय प्रशासन वर्षों से चली आ रही इन समस्याओं का आज तक निस्तारण नहीं कर पाया है। इन सबके बीच शहरवासी व पर्यटक आए दिन जाम की समस्या से जूझने को मजबूर हैं।

सार्वजनिक वाहनों में इजाफा तो लगातार हो रहा है, लेकिन वाहनों के व्यवस्थित रूप से संचालन की दिशा में स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई कार्य नहीं हो सके। जिसमें सबसे प्रमुख समस्या वाहन स्टैंड की है। वाहन स्टैंड नहीं होने के कारण सार्वजनिक वाहनों ने मुख्य मार्गों के किनारे ही स्टैंड बनाए हुए हैं। जिसके कारण अव्यवस्था भी देखने को मिलती रहती हैं।

यह अव्यवस्था यातायात जाम का भी कारण बन रही हैं। वहीं, कई स्थानों पर वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े करने से भी समस्याएं बढ़ती हैं। ये वाहन आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। कहा जा सकता है कि सार्वजनिक वाहनों के व्यवस्थित संचालन में परिवहन विभाग व पुलिस प्रशासन नाकाम रहे हैं।

कई यूनियनें कर रहीं मांग, जिम्मेदार गंभीर नहीं

पिछले पांच वर्षों से कई आटो, विक्रम व टैक्सी-मैक्सी यूनियनें वाहनों का व्यवस्थित रूप से संचालन के लिए पृथक स्टैंड की मांग करती आ रही हैं। यूनियनों का कहना है कि स्टैंड न होने के कारण सार्वजनिक वाहनों को यात्री स्टैंड पर खड़े होकर सवारी भरनी पड़ती है, इस दौरान पुलिस कर्मी वाहन चालकों का उत्पीड़न करते हैं।

यदि वाहनों के लिए स्टैंड उपलब्ध होगा तो यह समस्या नहीं आएगी। मगर, दुर्भाग्य से स्टैंड बनाने की जिम्मेदारी से नगर निगम, परिवहन व यातायात पुलिस बचते रहते हैं। यही वजह है कि इस दिशा में अभी तक कोई ठोस परिणाम देखने को नहीं मिल सके।

इन स्थानों पर स्थिति खराब

  • हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर नगर निगम ऋषिकेश के समीप अव्यवस्थित तरीके से खड़ी मैक्सी यातायात को प्रभावित करती हैं।
  • घाट चौराहे पर अस्थायी आटो, विक्रम स्टैंड बनाया गया है, जहां आटो, विक्रम सड़कों तक बेतरतीब तरीके से खड़े नजर आते हैं। इससे जाम लगता है।
  • श्री जयराम आश्रम के समीप मुख्य मार्ग पर आटो स्टैंड बनाया गया है।
  • लक्ष्मणझूला रोड पर मुनिकीरेती क्षेत्र में कई स्थानों पर आटो, विक्रम व टैक्सी-मैक्सी बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं, जिससे यातायात जाम लगता है। पेट्रोलिंग पुलिस के आने पर वाहन हटा दिए जाते हैं, जिसके बाद हालात फिर वैसे ही हो जाते हैं।
  • गौरादेवी चौक के समीप आटो, ई-रिक्शा, मैक्सी व ट्रक बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं, जो यातायात जाम व सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।
  • श्यामपुर बाईपास पुलिस चौकी के समीप विक्रम बेतरतीब तरीके से खड़े होकर सवारियों को भरते हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *