दोस्तों के साथ गंगा में नहा रहा युवक डूबा, सर्च अभियान जारी, देर शाम तक नहीं लगा सुराग

कनखल थाना क्षेत्र में प्रेमनगर चौक के पास गंगा घाट पर स्नान करते समय एक युवक डूबकर लापता हो गया. 20 वर्षीय युवक की पहचान हिमांशु रुवाली के रूप में हुई है, जो देहरादून का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि रेलिंग पार करने की कोशिश में युवक का संतुलन बिगड़ा और वह गंगा के तेज बहाव में समा गया.

घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और जल पुलिस ने काफी देर तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका. पुलिस के अनुसार हिमांशु रुवाली पुत्र गिरीश चंद, निवासी खर्नस्यु, जिला नैनीताल, हाल निवासी टपकेश्वर कॉलोनी, देहरादून शुक्रवार को अपने दोस्तों के साथ बस से हरिद्वार पहुंचा था.

बताया जा रहा है कि सभी दोस्त कनखल क्षेत्र के प्रेमनगर चौक के पास घाट पर गंगा स्नान के लिए गए थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान हिमांशु ने घाट पर लगी सुरक्षा रेलिंग को पार करने का प्रयास किया. इसी दौरान पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा की तेज धारा में बह गया. हिमांशु को बहता देख साथी युवकों में हड़कंप मच गया.

साथी युवकों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग भी मौके पर जमा हो गए. घाट पर स्नान कर रहे अन्य युवकों ने उसकी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चल पाया. इस बाद घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक के भाई समेत अन्य साथियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई.

इसके बाद जल पुलिस को मौके पर बुलाया गया और गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया था. अंधेरा होने की वजह से सर्च अभियान रोकना पड़ा. कल सुबह होते ही फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा.

हरिद्वार के एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि प्रेमनगर घाट पर कई लोग स्नान कर रहे थे, जिनमें हिमांशु और उसके चार से पांच दोस्त भी शामिल थे. घाट पर सुरक्षा रेलिंग भी लगी है लेकिन हिमांशु अचानक गंगनहर में डूबकर लापता हो गया. युवक के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे. युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है.

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक और उसके दोस्त एक निजी कंपनी के शोरूम में काम करते हैं. हादसे की जांच की जा रही है. युवक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *