कांग्रेस ने परिवर्तन संकल्प यात्रा एसआईआर के चलते की स्थगित, अब 10 अगस्त के बाद हो सकती है यात्रा

कांग्रेस पार्टी ने देहरादून जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाली परिवर्तन संकल्प यात्रा को स्थगित कर दिया है. 2 अगस्त से देहरादून की अलग-अलग विधानसभाओं में यह यात्राएं आयोजित होनी थी, लेकिन पार्टी ने एसआईआर का हवाला देते हुए फिलहाल इस यात्रा को स्थगित कर दिया है.

कांग्रेस पार्टी ने यात्रा कार्यक्रम की अगली तारीख 10 अगस्त के बाद घोषित किए जाने का ऐलान किया है. पार्टी की ओर से चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि राज्य में चल रहे वोटो के सत्यापन अभियान के दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए परिवर्तन संकल्प यात्रा स्थगित कर दी गई है और जल्द ही राज्य के सभी वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श के बाद परिवर्तन संकल्प यात्रा की शुरुआत 10 अगस्त के बाद नई तारीखों के साथ की जा सकती है.

इधर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी बूथ लेवल एजेंट, विधानसभा प्रभारियों, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण की प्रक्रिया में पूरी तत्परता के साथ और जिम्मेदारी के साथ एकजुट होने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि इस दूसरे चरण के दौरान हर मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और किसी भी पत्र नागरिक का नाम अनावश्यक रूप से ना हटे, उन्होंने सभी बीएलए विधानसभा प्रभारियों और पार्टी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों में सावधानी बरतने के जरूरी निर्देश भी दिए हैं.

कांग्रेस पार्टी के केन्द्रीय चुनाव समिति के सदस्य एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इस संदर्भ में उनके द्वारा 30 जुलाई एवं इससे पूर्व में भी मुख्य विकास अधिकारी, देहरादून से दूरभाष पर वार्ता कर अनुरोध किया गया है. इसके बावजूद परिवार रजिस्टर नहीं दिए गये हैं. उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मांग करते हुए कहा कि एसआईआर के द्वितीय चरण की प्रक्रिया प्रारम्भ करने से पूर्व राज्य के सभी संबंधित बूथ स्तर के अधिकारियों को अद्यतन परिवार रजिस्टर उपलब्ध कराये जाए, ताकि मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके तथा किसी भी पात्र मतदाता को अपने मताधिकार से वंचित न होना पड़े. उन्होंने निर्वाचन आयोग से आशा व्यक्त की है कि जनहित एवं निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता को दृष्टिगत रखते हुए इस विषय में निर्वाचन आयोग द्वारा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *