जंगलों की आग से प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है। कुमाऊं से गढ़वाल तक जंगल धधक रहे हैं। लेकिन अब जंगलों में आग लगाने वालों की खैर नहीं है। आग लगाने की घटनाओं में लिप्त पाए जाने पर आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच अल्मोड़ा वन प्रभाग ने एक पोस्टर लगाया है। जिसमें लिखा गया है कि आग लगाने वालों को दो साल की जेल और पांच हजार का जुर्माना लगाया जाएगा।
उत्तराखंड के जंगलों की आग बेकाबू होते जा रही है। हर दिन जंगल की आग कई हेक्टेयर वनों को जलाकर राख कर रही है। उत्तराखंड में अब तक आग के कारण पांच लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक 930 जंगल में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। जिसमें एक हजार हेक्टेयर से ज्यादा वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
वन विभाग द्वारा जारी आंकडों के मुताबिक सोमवार तक अल्मोड़ा जिले में अब तक 56 आग की घटनाएं सामने आई हैं। जिसमें 85.5 हेक्टेयर जंगल जलकर राख हो गए। इसके साथ ही पूरे कुमाऊं में अब तक 491 घटनाएं सामने आई हैं। जिसमें से सबसे ज्यादा घटनाएं पिथौरागढ़ जिले की हैं। पिथौरागढ़ में अब तक 106 स्थानों पर आग से जंगल धधके।